ASI ने दुकानदार के साथ की बेरहमी से पिटाई, घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल

Jhunjhunu Police ASI Viral Video पुलिस की लाठियों की बौछार: रेलवे स्टेशन के बाहर दुकान में घुसकर ASI ने की बेरहमी से पिटाई, CCTV फुटेज वायरल

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

झुंझुनूं। रेलवे स्टेशन के बाहर प्रणव फूड नाम की दुकान पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में कोतवाली थाना क्षेत्र के एएसआई ओमप्रकाश को एक दुकानदार पर बेरहमी से डंडों की बरसात करते हुए साफ देखा जा सकता है। मामला 2 अगस्त की रात करीब 1 बजे का बताया जा रहा है।

Click Here 👉  घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल 👈

दुकानदार नाहर सिंह पुत्र मंगलाराम, निवासी सैनिक नगर, झुंझुनूं के मुताबिक, घटना की शुरुआत तब हुई जब रात करीब 1 बजे दो युवक मोबाइल चार्ज करने के लिए उनकी दुकान में आए। उन्होंने कुछ देर के लिए चार्ज लगाने की अनुमति दी, लेकिन बाद में मना कर दिया। इस पर दोनों युवक दुकान से बाहर चले गए। उसी दौरान पेट्रोलिंग गाड़ी वहां से गुजरी, और जिन युवकों को दुकान से बाहर भेजा गया था, उनमें से एक ने गाड़ी रुकवाकर पुलिस को बताया कि उसके साथ मारपीट हुई है।

दुकानदार का आरोप है कि पुलिस वाले शराब के नशे में थे। एएसआई ओमप्रकाश दुकान में घुस आए और बिना कोई पूछताछ किए हाथ में डंडा लेकर उन पर टूट पड़े। आरोप है कि करीब 50 से ज्यादा डंडे मारे गए। खुद को बचाने के लिए नाहर सिंह ने दुकान में रखी कुर्सी का सहारा लिया, जो मारपीट के दौरान टूट गई।

नाहर सिंह के अनुसार, करीब 10 मिनट तक यह मारपीट चलती रही। बाद में कोतवाली की दूसरी गाड़ी मौके पर बुलाई गई और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर थाने ले जाया गया। इस दौरान दुकान खुली रह गई, और उसी युवक ने, जिसे दुकान से बाहर निकाला गया था, उनका मोबाइल और चार्जर चोरी कर लिया।

थाने में रात भर रखने के बाद अगले दिन शाम को उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन इस बीच उन पर धारा 151 के तहत बंद करने की कार्रवाई की गई। नाहर सिंह का कहना है कि डर के माहौल और पुलिस के दबाव के चलते उन्होंने कोतवाली थाने में खुद के साथ हुई मारपीट का मामला दर्ज नहीं करवाया।

इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आ चुका है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि एएसआई ओमप्रकाश हाथ में डंडा लेकर नाहर सिंह पर बार-बार वार कर रहे हैं। फुटेज में मारपीट इतनी बेरहमी से होती दिख रही है कि इसे देखकर कोई भी सहम सकता है।

दुकानदार नाहर सिंह के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने न केवल उन्हें पीटा बल्कि मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया। “मैंने कभी सोचा नहीं था कि कानून की रक्षा करने वाले ही एक निर्दोष व्यक्ति के साथ इस तरह का सलूक कर सकते हैं,” उन्होंने कहा।

रेलवे स्टेशन के बाहर हुई इस घटना के बाद शहरभर में चर्चा है और लोग पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के चलते अब यह मामला और तूल पकड़ रहा है। कई लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि एएसआई ओमप्रकाश के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और पीड़ित दुकानदार को न्याय मिले।

फिलहाल, इस घटना को लेकर पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वायरल फुटेज ने पूरे मामले को जनता के सामने उजागर कर दिया है। सवाल यह भी है कि जब सीसीटीवी में पूरी घटना कैद है, तो क्या पुलिस अपने ही अधिकारी पर कार्रवाई करने का साहस दिखा पाएगी या यह मामला भी दबा दिया जाएगा।

यह घटना न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती है बल्कि इस बात पर भी जोर देती है कि ऐसे मामलों में पीड़ितों को सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच जरूरी है। झुंझुनूं की जनता अब इस मामले में प्रशासन के अगले कदम का इंतजार कर रही है।

मई 2021 में भी लाइन हाजिर हो चुके हैं ओमप्रकाश भांबू

फरियादी को ही गिरफ्तार करने और अभद्रता करने पर एएसआई सहित तीन लाइन

Pilani News फरियादी को ही गिरफ्तार करने और अभद्र व्यहार करने पर एसपी ने पिलानी थाने के एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन में भेजा है। इस मामले की डीएसपी जांच कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार देवरोड निवासी पूरणमल शर्मा की देवरोड में जमीन है. पिछले दिनों पूरणमल शर्मा के परिजन जमीन में तारबंदी कर रहे थे। वहां पड़ौसी खेत वाले आ गए और विरोध करने लगे। इस पर पूरणमल शर्मा के परिजनों ने पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंचे एएसआई ओमप्रकाश, कांस्टेबल रामनिवास व जगदीप ने शर्मा परिवार के सदस्यों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया। थाने ले जाकर अभद्र व्यवहार किया। बुजुर्ग से बदतमीजी की। इस बारे में एसपी मनीष त्रिपाठी को शिकायत की। एसपी ने चिड़ावा डीएसपी सुरेश शर्मा से जांच कराई। प्रारंभिक जांच में एएसआई ओमप्रकाश व कांस्टेबल रामनिवास तथा जगदीप की ओर से अभद्र व्यवहार करना सामने आने पर तीनों को लाइन हाजिर किया गया।