Uco Bank यूको बैंक के पूर्व चेयरमैन गिरफ्तार, 6,200 करोड़ के बैंक फ्रॉड में ED का बड़ा एक्शन!
देश की राजधानी दिल्ली से कोलकाता तक, Enforcement Directorate (ED) की एक बड़ी कार्रवाई में यूको बैंक के पूर्व चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) सुबोध कुमार गोयल को गिरफ्तार किया गया है. सुबोध पर आरोप है कि उन्होंने एक कंपनी को हजारों करोड़ के लोन दिलवाने में धांधली की और बदले में मालामाल हो गए.
ED के मुताबिक, गोयल पर आरोप है कि जब वो UCO Bank के CMD थे, तब उन्होंने Concast Steel & Power Ltd. (CSPL) नाम की कोलकाता बेस्ड कंपनी को मोटे लोन पास करवाए. बात सिर्फ कागज़ों तक नहीं रही, लोन की रकम, यानी करीब 6,210 करोड़, को कंपनी ने इधर-उधर घुमा दिया और ये पैसा आखिरकार गलत हाथों में चला गया.
सुबोध कुमार गोयल पर कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यूको बैंक (UCO Bank) के पूर्व चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर सुबोध कुमार गोयल को बैंक लोन धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया है। ईडी की कोलकाता ज़ोनल टीम ने उन्हें 16 मई को उनके घर से गिरफ्तार किया। उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) 2002 के तहत पकड़ा गया। 17 मई को उन्हें कोलकाता की विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 21 मई तक ईडी की हिरासत में भेज दिया।
CBI की FIR के आधार पर शुरू हुई जांच
ED ने अपनी जांच की शुरुआत CBI की ओर से कोलकाता में दर्ज कराई गई एक FIR के आधार पर की थी, जिसमें गोयल के कार्यकाल के दौरान CSPL को दिए गए लोन में बड़े पैमाने पर हेराफेरी और फंड डायवर्जन का आरोप लगाया गया था।
फर्जी कंपनियों के जरिए संपत्तियां खरीदी गईं
जांच में सामने आया कि कई प्रॉपर्टीज शेल कंपनियों के जरिए खरीदी गईं, जिनका संबंध सीधे गोयल और उनके परिवार से जुड़ा हुआ है। ये संपत्तियां CSPL से जुड़े पैसों से खरीदी गईं और लेन-देन को जटिल परतों और एडजस्टमेंट एंट्रियों के जरिए छिपाया गया।
यूको बैंक मामले में पहले हो चुकी है एक और गिरफ्तारी
इस मामले में ईडी पहले ही सीएसपीएल के प्रमुख प्रमोटर संजय सुरेका को दिसंबर 2024 में गिरफ्तार कर चुकी है। उनके खिलाफ फरवरी 2025 में चार्जशीट दाखिल की गई थी। साथ ही सुरेका और उनकी कंपनी की ₹510 करोड़ की संपत्तियां ईडी ने दो आदेशों के तहत जब्त की हैं।
