रॉयल्टी ठेकेदार के कारिंदों ने क्रेशर संचालक पर किया हमला, जयपुर रेफर, आठ गिरफ्तार
झुंझुनूं शहर के इंडाली फाटक के पास तीन-चार गाड़ियों में सवार होकर आए रॉयल्टी ठेकेदार के कारिंदों ने क्रेशर संचालक व लीज धारक जयप्रकाश गावड़िया पर जानलेवा हमला कर दिया और गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद हमलावर मौके से भाग गए।
हमले में घायल गावड़िया को जयपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार खतेहपुरा निवासी लीज धारक जयप्रकाश गावड़िया गुरुवार सुबह अपने घर से झुंझुनूं आ रहे थे। इंडाली रोड पर रेलवे अंडरपास के नजदीक कैंपर व दो तीन अन्य गाड़ियों में आए बदमाशों ने उनकी कार को रुकवाया। इसके बाद बदमाशों ने लाठी व सरियों से उन पर हमला बोल दिया।
हमले में जयप्रकाश गावड़िया घायल हो गए। बदमाशों ने कार में भी तोड़फोड़ की। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल गावड़िया को झुंझुनूं के निजी अस्पताल में पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया। सूचना के बाद लीज मालिक, क्रेशर संचालक अस्पताल के बाहर एकत्रित हो गए और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे।
क्रेशर मालिक पर हुआ जानलेवा हमला: अज्ञात कैंपर सवारों किया लाठी-डंडों से हमला
सदर थानाधिकारी महेंद्र मीणा, डीएसपी रोहिताश देवंदा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इस मामले में पुलिस ने देर रात तक 8 युवकों को गिरफ्तार कर लिया और दो कैंपर व एक सफारी जब्त की है।
बाहरी बदमाश-जानलेवा हमले के मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार, इनमें तीन हरियाणा के, तीन गाड़ियां भी जब्त
मामले में पुलिस ने आठ जनों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त तीन गाड़ियों को जब्त किया है।
पुलिस ने इस मामले में पाई कैथल निवासी राहुल (25) पुत्र बलवान, दिलालपुर मंडेला निवासी कर्मपाल (27) पुत्र उम्मेद सिंह, हामूसर राजलदेसर निवासी अशोक कुमार (28) पुत्र बजरंगलाल, खरबारा अनूपगढ़ निवासी रितिक (18) पुत्र महेश कुमार, चिड़िया अदमपुर चरखी दादरी निवासी नीरज (23) पुत्र कृष्णकुमार, खिरोटी थोई (सीकर) निवासी जीतू (27) पुत्र महावीर सिंह व हिसार निवासी सुनील व नेपाली युवक राजेश को गिरफ्तार किया।
आरोपियों ने एक दिन पहले मोडा पहाड़ क्षेत्र में मस्तराम आश्रम के पास खड़ी दो बाइक व एक स्कूटी में भी तोड़फोड़ की थी।

