केसीसी प्रोजेक्ट के अधीन कार्य कर रही एसएमएस ठेका कंपनी के तीन अधिकारियों के खिलाफ कोविड-19 गाइड लाइन की पालना नहीं करने पर एक ठेकाकर्मी की कोरोना पॉजिटिव होने से मौत होने का मामला दर्ज करवाया गया है।
पुलिस के अनुसार छाबडियों की ढाणी तन जसरापुर की चावली देवी पत्नी महेंद्र कुमार छाबड़ी ने इस्तगासे के तहत एसएमएस कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर राजेश अग्रवाल, एचआर हैड श्यामलाल चौपड़ा व फौरमेन लोकिया के खिलाफ रिपोर्ट दी कि उसका पति महेंद्र कुमार छाबड़ी एसएमएस कंपनी में करीब 30 कर्मचारियों व अधिकारियों को लैम्प देने का कार्य करता था। रिपोर्ट में बताया कि अप्रेल 2021 में कोरोना पीक पर था।
उस दौरान लखनऊ (यूपी) से मैकेनिकल इंजिनीयर अल्ली अब्बास आया। अल्ली अब्बास कोरोना पॉजिटिव था। इस दौरान अली अब्बास ने आधारशिला मैस में अपना जन्म दिन मनाया, जिसमें एसएमएस कंपनी के करीब 30 लोग शामिल हुए। उनमें राजेश अग्रवाल, श्यामलाल चौपड़ा व लोकिया भी मौजूद थे।
पार्टी के दौरान अली अब्बास के संपर्क में आने से एसएमएस कंपनी में कार्यरत शीशराम सैनी, पंकज कुमार, कृष्ण कुमार, रामनिवास सैनी भी पॉजिटिव हो गए। पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद भी अधिकारियों ने कोविड-19 की गाइड लाइन की पालना नहीं करते हुए प्रोडक्शन जारी रखा। जिसके चलते उसका पति महेंद्र कुमार छाबड़ी ड्यूटी के दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों को लैम्प देते समय उनके संपर्क में आने से कोरोना पॉजिटिव हो गया जिसके चलते 28 मई को उसकी मौत हो गई।
कंपनी ने आश्रित को नौकरी नहीं दी और न ही कोई मुआवजा दिया। प्रोजेक्ट मैनेजर अग्रवाल, एचआर हैंड चौपड़ा व फौरमेन लोकिया लापरवाही नहीं करते तो उसका पति महेंद्र आज जिंदा होता। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।