बाईपास पर तेज रफ्तार एसयूवी कार ने बेटी के साथ सड़क किनारे जा रही महिला को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई। टक्कर के बाद कार करीब 40 फीट उछलकर दूर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। कार चालक मौके से भाग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार महिला दोपहर करीब एक बजे अपनी बेटी के साथ कसेरू से बलरिया गांव में रिश्तेदारी में जा रही थी कि बीच रास्ते में ही हादसा हो गया।
पुलिस ने शव नवलगढ़ अस्पताल मोर्चरी में रखवाया है जहां रविवार को पोस्टमार्टम होगा। महिला के बेटे ने थाने में कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। एसएचओ रामस्वरूप बराला ने बताया कसेरू निवासी किरण (42) पत्नी ओमप्रकाश कुमावत अपनी बेटी मधु के साथ पैदल बलरिया जा रही थी।
बाइपास पर झुंझुनूं की ओर से आ रही कार ने महिला को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को नवलगढ़ अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झुंझुनूं की ओर से तेज गति से आ रही कार डिवाइडर से टकराकर असंतुलित होकर सड़क के साइड में नीचे चल रही महिला को टक्कर मार दी।
40 फीट दूर उछली कार
टक्कर के बाद कार करीब 40 फीट दूर उछलकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी और पलटी खा गई। हादसे के बाद चालक कार को छोड़कर मौके से भाग छूटा। पुलिस ने कार जब्त कर थाने में खड़ी की। महिला का पति ओमप्रकाश कुमावत पूना रहता है और वहां टाइलों का कारोबार करता है। उनके यहां पहुंचने के बाद रविवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। बेटे कमल ने मामला दर्ज कराया है।